संविधान के मूल्यों से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण हमारा संकल्प: मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित संविधान निर्माण में योगदान देने वाले सभी महापुरुषों का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनकी भूमिका पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया। साथ ही ‘संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई, जिससे विशेष रूप से युवाओं को संविधान के मूल सिद्धांतों, अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों को समझने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। जनजातीय समाज से आने वाली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचना इसी लोकतांत्रिक व्यवस्था और समान अवसरों का उदाहरण है। उनका संघर्षपूर्ण जीवन देश के नागरिकों के लिए प्रेरणास्रोत है।
आपातकाल का इतिहास लोकतांत्रिक अधिकारों के महत्व की याद दिलाता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकार संविधान की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले हजारों लोगों को जेल में रहना पड़ा।
अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उनके बड़े पिताजी नरहरि साय भी लोकतंत्र सेनानी थे। आपातकाल का विरोध करने के कारण उन्हें 19 महीने जेल में बिताने पड़े। इस दौरान परिवार को भी कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष हमें संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के इतिहास और लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को याद रखने के लिए 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जाता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में पहले बंद की गई सम्मान राशि को फिर से प्रारंभ किया है।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में समानता और नागरिक अधिकारों को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को निष्प्रभावी करना और तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाना प्रमुख हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने की संभावनाओं पर विचार के लिए समिति गठित की गई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक व्यवस्थाओं का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
बस्तर में लोकतंत्र के साथ विकास की नई संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर की शांति, लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को बाधित किया। नक्सली लोकतांत्रिक व्यवस्था के स्थान पर हिंसा और बंदूक का शासन स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर के लोगों ने कठिन परिस्थितियों में भी लोकतंत्र के प्रति अपना विश्वास कायम रखा। बड़ी संख्या में मतदान कर उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई है। सुरक्षाबलों के प्रयासों से बस्तर में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हुआ है। अब दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर विकास की नई संभावनाएं तैयार की जा रही हैं।
किसानों, महिलाओं और युवाओं का सशक्तीकरण सुशासन का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की लोककल्याणकारी भावना को साकार करने के लिए राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास पर काम कर रही है। किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और जनजातीय समुदायों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आदान सहायता दी जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत लाखों महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। इसके अलावा वनोपज संग्राहकों को बेहतर मूल्य, युवाओं को रोजगार के अवसर और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान के आदर्शों की वास्तविक सफलता तभी है, जब उनका प्रभाव शासन के निर्णयों और आम नागरिकों के जीवन में दिखाई दे। सरकार का लक्ष्य है कि विकास की प्रक्रिया में कोई भी वर्ग या क्षेत्र पीछे न रहे। किसानों की आर्थिक समृद्धि, महिलाओं का सशक्तीकरण, युवाओं की प्रगति और वंचित समुदायों का उत्थान ही विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला है।
संविधान की भावना के अनुरूप न्यायपूर्ण व्यवस्था जरूरी: गजेंद्र यादव
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि संविधान देश को समय और परिस्थितियों के अनुरूप आगे बढ़ने की दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय दंड संहिता के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता लागू करना न्याय व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव है। इसका उद्देश्य नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के साथ आम लोगों को सुलभ और सहज न्याय उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी पारदर्शी, जवाबदेह और जनकल्याणकारी प्रशासन के माध्यम से संविधान की मूल भावना को व्यवहार में उतारने के लिए कार्य कर रही है।
बाबा साहेब के विचार नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा: संतोष पांडेय
राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने संविधान गौरव दिवस को देश के लिए गर्व और स्वाभिमान का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महान विभूतियों और गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए कई पहल की गई हैं। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों का विकास उनके विचारों और योगदान को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
संविधान के अधिकारों के साथ कर्तव्यों को समझना भी जरूरी: गौतम भादुड़ी
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि भारतीय संविधान एक जीवंत दस्तावेज है, जो नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात महानायकों के संघर्ष एवं बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, विधायक सुनील सोनी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
