बाल विवाह के खिलाफ छत्तीसगढ़ में 100 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान शुरू
रायपुर। बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और भविष्य को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक समस्या है। इसे समाप्त करने के लिए परिवार और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़-जन-संवाद’ कार्यक्रम में यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने बाल विवाह मुक्ति रथ को रवाना कर 100 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस और ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के दो वर्ष पूरे होने पर पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों के अधिकारों और बाल विवाह रोकथाम पर चर्चा हुई। बाल प्रहरियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा बाल विवाह रोकने में साहसिक भूमिका निभाने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की शपथ भी दिलाई।
800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 27 नवंबर 2024 को शुरू हुआ बाल विवाह मुक्त भारत अभियान बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 10 मार्च 2024 से बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान संचालित है। पंचायतों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्थानीय प्रशासन और समुदाय की भागीदारी से गांव-गांव में जागरूकता फैलाई जा रही है। बालोद जिले की 436 ग्राम पंचायतों और 9 नगरीय निकायों तथा सूरजपुर की 75 ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त प्रमाणित किया गया है। सूचना मिलने पर प्रदेश में 800 से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं। बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 भी सक्रिय है।
मंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नोनी सुरक्षा योजना और महतारी वंदन योजना जैसी पहल बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही हैं। बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देना और उसे रोकने में सहयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वर्ष 2030 तक देश और छत्तीसगढ़ को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए निरंतर सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार ने प्रदेश में बाल विवाह की स्थिति और रोकथाम के प्रयासों की जानकारी दी। ओम प्रकाश पाल ने राष्ट्रीय स्तर पर संचालित गतिविधियों पर विचार रखे। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के विशेष प्रतिवेदक धनंजय टिंगल तथा छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने भी बाल अधिकारों की सुरक्षा और बाल विवाह उन्मूलन पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक उद्धेश्वरी पैकरा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
