उच्च शिक्षा के विस्तार और रोजगारपरक कौशल पर सरकार का जोर

नवा रायपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान विभागीय उपलब्धियों और योजनाओं की दी जानकारी

रायपुर। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराने के लिए उच्च शिक्षा व्यवस्था का विस्तार कर रही है। ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के साथ महाविद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वे आज नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में जुलाई 2024 से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू है। इसके तहत भारतीय ज्ञान परंपरा, कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा को पाठ्यक्रमों में शामिल किया जा रहा है। विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव देने के लिए इंटर्नशिप नीति-2026 तैयार की गई है, जिसके अंतर्गत स्नातक के छठवें सेमेस्टर में 60 घंटे की इंटर्नशिप अनिवार्य होगी।

जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के अंग्रेजी संवाद कौशल को बेहतर बनाने के लिए 148 शासकीय महाविद्यालयों में 90 घंटे का अंग्रेजी कम्युनिकेशन कोर्स संचालित है, जिसमें 10 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं।

अधोसंरचना और शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार

वर्मा ने बताया कि 84 महाविद्यालयों के भवन निर्माण के लिए 418.25 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा छात्रावास, अतिरिक्त कक्ष, बाउंड्रीवॉल और शौचालय निर्माण की स्वीकृति दी गई है। पिछले तीन वर्षों में 13 नए शासकीय महाविद्यालय शुरू किए गए हैं तथा इनके लिए 391 पदों का सृजन किया गया है। महाविद्यालयों में 3,356 नई सीटें भी स्वीकृत हुई हैं।

शिक्षकों की पदोन्नति के तहत 364 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक और 151 पदोन्नत प्राध्यापकों को प्राचार्य बनाया गया है। प्राध्यापकों के 595 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। प्रयोगशाला तकनीशियन के 260 और परिचारक के 430 पदों पर सीधी भर्ती की गई है। शोध को बढ़ावा देने के लिए 577 पीएचडी अनुमतियां भी प्रदान की गई हैं।

विश्वविद्यालयों और निजी महाविद्यालयों को प्रोत्साहन

प्रदेश के नौ राजकीय विश्वविद्यालयों को चार वर्षों में 264.97 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया है। वहीं शैक्षणिक सत्र 2023-24 से 2026-27 के बीच 43 नए अशासकीय महाविद्यालयों को खोलने की अनुमति दी गई है। इसके अतिरिक्त 234 निजी महाविद्यालयों में नए विषय, सीट वृद्धि और अतिरिक्त अनुभागों को मंजूरी मिली है।

डिजिटल शिक्षा और गुणवत्ता सुधार पर फोकस

विभाग ने विद्यार्थियों के डिजिटल रिकॉर्ड के लिए ‘एचई ऑनलाइन’ प्रणाली और अध्ययन सामग्री के लिए ‘ई-ज्ञानार्जन’ मोबाइल एप शुरू किया है। विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ई-ऑफिस लागू किया जा रहा है। रूसा के तहत 86 शैक्षणिक संस्थानों में लगभग 400 करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जबकि पीएम-उषा के अंतर्गत 21 संस्थानों में गुणवत्ता उन्नयन का कार्य प्रक्रियाधीन है।

मंत्री वर्मा ने कहा कि आधुनिक अधोसंरचना, रोजगारपरक पाठ्यक्रम, शोध, नवाचार और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं।