उज्ज्वला योजना से छत्तीसगढ़ की 39.73 लाख महिलाओं को धुएं से मिली मुक्ति
रायपुर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी लकड़ी और उपलों के धुएं के बीच खाना बनाने को मजबूर महिलाओं को अब एलपीजी गैस के रूप में स्वच्छ ईंधन उपलब्ध हो रहा है। प्रदेश में अब तक 39 लाख 73 हजार से अधिक महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इससे महिलाओं को धुएं से राहत मिलने के साथ खाना बनाने में लगने वाला समय भी बच रहा है।
स्वास्थ्य और जीवनशैली में आया बदलाव
पारंपरिक चूल्हों से निकलने वाला धुआं महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा था। लंबे समय तक धुएं के संपर्क में रहने से सांस संबंधी बीमारियां, आंखों में जलन और फेफड़ों की समस्याएं होती थीं। उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से बस्तर से सरगुजा तक हजारों गांवों की रसोई में स्वच्छ ईंधन का उपयोग बढ़ा है। पात्र परिवारों को गैस कनेक्शन, चूल्हा और पहला रिफिल निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।
बचा समय, बढ़े आत्मनिर्भरता के अवसर
पहले महिलाओं को खाना बनाने के लिए जंगलों से लकड़ी जुटाने और चूल्हे की व्यवस्था करने में काफी समय लगाना पड़ता था। अब गैस कनेक्शन से भोजन बनाना आसान हुआ है। बचा हुआ समय महिलाएं बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जिम्मेदारियों और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार गतिविधियों में लगा पा रही हैं।
कई जिलों में लाखों महिलाओं को मिला लाभ
योजना के तहत बिलासपुर जिले में 2,94,134 महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। इसके अलावा जांजगीर-चांपा में 2,74,650, रायगढ़ में 2,30,101, बलौदाबाजार-भाटापारा में 2,27,132, महासमुंद में 1,93,464, कोरबा में 1,55,683, जशपुर में 1,42,185, बस्तर में 1,33,555, बेमेतरा में 1,33,377, धमतरी में 1,28,643, कबीरधाम में 1,20,895 और मुंगेली में 1,19,549 महिलाओं को इसका लाभ मिला है।
पर्यावरण संरक्षण को भी मिल रहा बढ़ावा
एलपीजी के बढ़ते उपयोग से जलाऊ लकड़ी पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है। इससे वन संसाधनों पर दबाव घटाने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहन मिल रहा है। वनबहुल छत्तीसगढ़ में यह बदलाव ग्रामीण परिवारों के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
लाभार्थी महिलाओं ने साझा किए अनुभव
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड की क्रांति यादव ने बताया कि पहले लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान धुएं से आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होती थी। गैस कनेक्शन मिलने से अब उन्हें स्वच्छ वातावरण में भोजन बनाने की सुविधा मिली है। ग्राम मड़िया की फूलमती नगेसिया ने भी कहा कि गैस मिलने से खाना बनाना आसान और तेज हो गया है।
इसी तरह राजनांदगांव जिले के मेड़ेसरा की राजेश्वरी साहू और रवेली की परमेश्वरी वर्मा ने योजना को परिवार के लिए बड़ी राहत बताया। परमेश्वरी वर्मा के अनुसार पहले चूल्हे के धुएं से बच्चों को भी परेशानी होती थी, लेकिन अब रसोई में स्वच्छ ईंधन उपलब्ध होने से परिवार को राहत मिली है।
महिलाओं के नाम पर गैस कनेक्शन जारी होने से परिवार में उनकी भागीदारी और सामाजिक सम्मान को भी बढ़ावा मिला है। इस तरह प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना छत्तीसगढ़ में महिलाओं के स्वास्थ्य, सुविधा, आत्मनिर्भरता और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
