रायपुर में 20 कबाड़ियों के ठिकानों पर छापेमारी, 8 टन कबाड़ जब्त
रायपुर। शहर में अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर जोन पुलिस ने उरला और खमतराई क्षेत्र में एक साथ छापेमारी की। पुलिस टीमों ने 20 कबाड़ियों के ठिकानों की जांच की, जिनमें से 10 के यहां करीब 8 टन कबाड़ बरामद हुआ। जब्त सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लिया है।
यह कार्रवाई डीसीपी उत्तर जोन दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडेय और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देश पर की गई। पुलिस टीमों ने कबाड़ के भंडारण और खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेजों की जांच की।
उरला में 6 और खमतराई में 4 ठिकानों से जब्ती
पुलिस के अनुसार, उरला थाना क्षेत्र में 8 कबाड़ियों के यहां जांच की गई, जिनमें से 6 के ठिकानों से कबाड़ मिला। वहीं खमतराई क्षेत्र में 12 ठिकानों की जांच के दौरान 4 कारोबारियों के यहां से कबाड़ जब्त किया गया। इस तरह कुल 10 ठिकानों से लगभग 8 टन सामग्री बरामद हुई।
दस्तावेजों की जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अब जब्त कबाड़ की खरीदी-बिक्री से जुड़े बिल, रजिस्टर और लाइसेंस की पड़ताल कर रही है। साथ ही सामग्री के स्रोत का भी पता लगाया जा रहा है। जांच में चोरी का सामान खरीदने या अवैध कारोबार में संलिप्तता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
