जनदर्शन में उपचार के लिए तीन जरूरतमंदों को 55 हजार की सहायता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया। उपचार के लिए सहायता मांगने पहुंचे तीन लोगों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल 55 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इस मदद से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज जारी रखने में राहत मिलेगी।

ऑटिज्म से प्रभावित बच्चे की थेरेपी के लिए 40 हजार की मदद

जनदर्शन में रायपुर निवासी मोहम्मद आरिफ अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है और उसकी नियमित थेरेपी पर हर महीने करीब 40 हजार रुपये खर्च होते हैं। दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उनके पास रोजगार का कोई साधन नहीं बचा है। ऐसे में परिवार का खर्च चलाने के साथ बच्चे की थेरेपी जारी रखना मुश्किल हो रहा है।

परिवार की आर्थिक स्थिति और पिता की परेशानी को समझते हुए मुख्यमंत्री ने आवान की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। इस सहायता से परिवार को उसकी नियमित थेरेपी जारी रखने में मदद मिलेगी।

पेट की बीमारी से पीड़ित व्यक्ति को 10 हजार रुपये की सहायता

पाटन से पहुंचे ज्ञानेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को अपनी पेट संबंधी बीमारी और आर्थिक परेशानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण वे अपना उपचार नहीं करा पा रहे हैं। उनकी समस्या पर संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने इलाज के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।

70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए भी मिली मदद

रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए भी मुख्यमंत्री ने सहायता उपलब्ध कराई। उन्होंने उनकी बेटी ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।

जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखने और समाधान प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। जरूरतमंदों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों पर तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की यह पहल संवेदनशील प्रशासन और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।