छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने की पहल

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित धान और विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में स्पेन के बार्सिलोना में प्रदेश के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, निर्यात और यूरोपीय बाजारों में पहुंच बढ़ाने को लेकर महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा हुई।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक की। इसमें कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, संचालक कृषि राहुल देव और भारत की काउंसल जनरल आर्स निसार भी मौजूद रहीं।

अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में दिखेगी छत्तीसगढ़ के उत्पादों की पहचान

बैठक में प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करने, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों में सहभागिता बढ़ाने और यूरोपीय बाजारों में निर्यात के अवसर तलाशने पर विचार-विमर्श हुआ। फिरा बार्सिलोना के सीईओ ने छत्तीसगढ़ सरकार के साथ समन्वय कर जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसी पारंपरिक धान किस्मों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग का प्रस्ताव दिया।

उल्लेखनीय है कि फिरा बार्सिलोना विभिन्न देशों और राज्यों के साथ मिलकर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंच उपलब्ध कराने का काम करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के साथ समन्वय के बाद अब छत्तीसगढ़ की इस पहल से प्रदेश के किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं।

जीआई टैग वाले चावल को मिलेगा वैश्विक बाजार

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी खास खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए पहचाने जाते हैं। जीराफूल और नगरी दुबराज को जीआई टैग भी प्राप्त है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन किस्मों की ब्रांडिंग और बेहतर विपणन से किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का उचित मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण और उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत स्तर पर प्रयास कर रही है। प्रदेश की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक कुल निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लिहाज से बार्सिलोना में हुई चर्चा प्रदेश के कृषि उत्पादों के लिए नए अंतरराष्ट्रीय बाजार विकसित करने की दिशा में अहम पहल है।

इस पहल से कृषि उत्पादों की वैश्विक मार्केटिंग, गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों, एफपीओ और कृषि उद्यमियों को नए व्यावसायिक अवसर मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कृषि विरासत को वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह प्रयास महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।