ईज ऑफ डुइंग बिजनेस से निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
पुराने विधानसभा भवन के समीप स्थित महालेखाकार कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने कहा कि प्राकृतिक संपदा और खनिज संसाधनों से समृद्ध छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में निवेश को प्रोत्साहित करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से 1 नवम्बर 2024 से नई औद्योगिक नीति 2024-30 लागू की गई है।
ईज ऑफ डुइंग बिजनेस अधिनियम पारित करने वाला देश का पहला राज्य बना छत्तीसगढ़
मंत्री देवांगन ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना है, जहां ईज ऑफ डुइंग बिजनेस से संबंधित अधिनियम विधानसभा में पारित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य निवेशकों और आम नागरिकों की समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में समाधान करना तथा उन्हें सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रक्रियाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे सरकारी सेवाओं में सरलता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उद्योग जगत तथा विभिन्न विभागों से सुझाव लेकर पुराने नियमों में आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं और नए नियम भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने में सीएजी विभाग के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला में चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने औद्योगिक विकास, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को प्रोत्साहन तथा सिंगल विंडो डिजिटल कम्प्लाएंस व्यवस्था की उपयोगिता पर विचार रखे। वहीं सीए किशोर बरड़िया ने जीएसटी अनुपालन प्रक्रिया को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के साथ वास्तविक करदाताओं के हितों की सुरक्षा पर जोर दिया।
कार्यक्रम में प्रधान महालेखाकार छत्तीसगढ़ यशवंत कुमार, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित महालेखाकार कार्यालय के अधिकारी, सीआईआरसी एवं चेम्बर के सदस्य तथा विश्वविद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
