महिला T20 वर्ल्ड कप: मरिज़ान कैप के तूफान में उड़ा भारत, दक्षिण अफ्रीका ने 6 विकेट से चटाई धूल

मैनचेस्टर: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के एक बेहद ही रोमांचक ‘ग्रुप ए’ मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय महिला टीम को 6 विकेट से हरा दिया है। एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए इस मैच में मरिज़ान कैप की 81 रनों की नाबाद तूफानी पारी ने भारत के मुँह से जीत छीन ली। इस हार के साथ ही भारतीय टीम की सेमीफाइनल की राह अब काफी मुश्किल हो गई है।

कैप की ऐतिहासिक पारी ने पलटा मैच टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 158 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। 159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावरप्ले में ही उन्होंने अहम विकेट गंवा दिए। लेकिन इसके बाद क्रीज पर उतरीं अनुभवी ऑलराउंडर मरिज़ान कैप ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई।

कैप ने मात्र 45 गेंदों में ताबड़तोड़ 81 रन बनाए, जिसमें 4 शानदार छक्के शामिल थे। भारत की सबसे बड़ी गलती कैप का कैच छोड़ना रही। बाउंड्री लाइन पर राधा यादव द्वारा छोड़ा गया यह कैच मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

आखिरी ओवरों का रोमांच और दीप्ति शर्मा का महंगा ओवर मैच अंतिम ओवरों तक फँसा हुआ था और दक्षिण अफ्रीका को आखिरी दो ओवरों में 18 रनों की दरकार थी। 19वां ओवर फेंकने आईं अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा के इस ओवर में मरिज़ान कैप ने दो गगनचुंबी छक्के जड़कर मैच पूरी तरह से अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। इसके बाद 20वें ओवर की पहली गेंद पर क्लो ट्रायॉन ने चौका लगाकर दक्षिण अफ्रीका को 19.1 ओवर में ही जीत दिला दी। भारत की ओर से श्री चरनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से अन्य गेंदबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिला।

हरमनप्रीत ने मानी फील्डिंग में चूक मैच के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर काफी निराश नजर आईं। उन्होंने कहा, “हमने बीच में कुछ मौके बनाए थे, लेकिन दुर्भाग्य से हम उन्हें भुना नहीं पाए। इस स्तर पर जब आप कैच छोड़ते हैं, तो कोई भी टीम आपको आसानी से जीतने नहीं देगी।” हरमनप्रीत ने श्री चरनी और शेफाली वर्मा की गेंदबाजी की तारीफ की, लेकिन अन्य गेंदबाजों के प्रदर्शन पर निराशा व्यक्त की।

वहीं, ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुनी गईं मरिज़ान कैप ने अपनी पारी का श्रेय भगवान को देते हुए कहा कि शुरुआत में उन्हें संघर्ष करना पड़ा था, लेकिन लय मिलने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

आगे की राह इस हार के बाद भारत के लिए ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ की चुनौती और भी गंभीर हो गई है। सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए अब भारत को अपने अगले मुकाबले में मजबूत ऑस्ट्रेलिया को हर हाल में हराना होगा।