रायपुर में स्मृति मंधाना की कप्तानी का पहला इम्तिहान,16 अक्टूबर से टी20 सीरीज

रायपुर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान स्मृति मंधाना के नेतृत्व में टीम नए दौर की शुरुआत करने जा रही है। जिम्बाब्वे के खिलाफ 16 अक्टूबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला रायपुर में खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए स्मृति मंधाना रविवार को सबसे पहले रायपुर पहुंचीं। वह दोपहर करीब 3:30 बजे यहां आईं, जबकि भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला बाद में जारी रहा। जिम्बाब्वे की टीम के 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम है।

यह सीरीज दोनों देशों की महिला क्रिकेट टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय भिड़ंत होगी। इसके साथ ही रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

16, 18 और 20 अक्टूबर को होंगे मुकाबले

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीनों टी20 मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा 20 अक्टूबर को होगा। सभी मैच शाम 5 बजे से शुरू होंगे।

सीरीज की तैयारी के लिए भारतीय टीम 12 अक्टूबर से अभ्यास शुरू करेगी। शुरुआती दो दिनों में शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक अभ्यास सत्र निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद 14 अक्टूबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे और 15 अक्टूबर को शाम 6 से रात 9 बजे तक टीम अभ्यास करेगी।

पहले टी20 मैच के बाद 17 अक्टूबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक अभ्यास होगा। वहीं, दूसरे मुकाबले के बाद 19 अक्टूबर को शाम 6 से रात 9 बजे तक खिलाड़ी अभ्यास करेंगे। इस तरह भारतीय टीम के लिए कुल छह अभ्यास सत्र निर्धारित किए गए हैं। दूसरी ओर, जिम्बाब्वे की टीम 13, 14, 15, 17 और 19 अक्टूबर को अभ्यास करेगी।

पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का रोमांच

रायपुर में होने वाली यह सीरीज स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगी। शहर के दर्शकों को पहली बार स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा। स्मृति मंधाना की कप्तानी, भारतीय टीम के नए नेतृत्व और दोनों देशों के बीच पहली द्विपक्षीय महिला टी20 सीरीज को लेकर इस आयोजन का महत्व बढ़ गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भारत और जिम्बाब्वे की टीमें 21 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे रायपुर से रवाना होंगी।