छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच, महिला दर्शकों को मिलेगा निःशुल्क प्रवेश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारत-जिम्बाब्वे मुकाबले को बताया ऐतिहासिक, युवा महिला खिलाड़ियों को मिलेगी प्रेरणा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबले का आयोजन होने जा रहा है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से राज्य में महिला क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा और उभरती महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय से मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात कर उन्हें मैच में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए संघ के पदाधिकारियों को आयोजन के लिए बधाई दी और सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखने का सुझाव दिया, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं स्टेडियम पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का खेल देख सकें। क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने इस सुझाव पर सहमति जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखना प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायी होगा। इससे उनमें खेलों को करियर के रूप में अपनाने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। गांवों, कस्बों और दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी से प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबला छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने के साथ नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने दोनों टीमों को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों और खेलप्रेमियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मोहन दास, डायरेक्टर विजय शाह, पूर्व अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंटेश अग्रवाल, जी.एस. मूर्ति, विनय बजाज सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

