किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री साय

रायगढ़ में कोलता समाज के नुआखाई समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, सामुदायिक भवनों के लिए 80 लाख की घोषणा

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में उन्होंने ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख और नगर पंचायत पुसौर में मंगल भवन के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नुआखाई नई फसल, किसानों के परिश्रम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है। रायगढ़ क्षेत्र में केलो परियोजना से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है।

साय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी पहलों से नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति, पुनर्वास और विकास को गति देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं।

समारोह में मुख्यमंत्री ने समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर शिक्षा, मेहनत और संस्कार के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने कोलता समाज की संस्कृति और परंपराओं की सराहना की तथा बेलरिया में विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की।

कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान सहित जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने मां रणेश्वरी रामचण्डी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और समाज के लोगों के साथ पारंपरिक नुआखाई भोजन ग्रहण किया।