वीडी सतीशन होंगे केरल के नए मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने किया ऐलान
तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन के नाम की घोषणा कर दी। विधानसभा चुनाव परिणाम आने के 10 दिन बाद पार्टी नेतृत्व ने यह फैसला लिया। वी डी सतीशन पारावूर विधानसभा सीट से विधायक हैं।
कांग्रेस नेता दीपा दासमुंशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि 7 मई को तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं राहुल गांधी सहित शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के बाद वी डी सतीशन के नाम पर सहमति बनी।
मुख्यमंत्री पद के लिए केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला के नाम भी चर्चा में थे, लेकिन अंततः पार्टी ने वी डी सतीशन को नेतृत्व सौंपने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद वी डी सतीशन ने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को अपनी निजी उपलब्धि नहीं बल्कि दैवीय कृपा मानते हैं। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर राज्य के विकास एवं जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।
सतीशन ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पारदर्शी और जवाबदेह शासन प्रदान करेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उनके नाम की घोषणा के बाद उत्साह का माहौल देखा गया।
