सीएम हेल्पलाइन 1076 से 2.05 लाख शिकायतों का निराकरण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित सीएम हेल्पलाइन 1076 के कार्यालय में पहुंचकर इसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण हो तथा शिकायत बंद करने से पहले संबंधित नागरिक की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि 9 जून से 15 अक्टूबर 2026 तक हेल्पलाइन पर 2,31,850 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2,05,996 का निराकरण किया जा चुका है। यह कुल शिकायतों का 88.85 प्रतिशत है, जबकि 25,854 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। प्रतिदिन औसतन 1,500 से 2,000 शिकायतें दर्ज हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर समस्याओं के समाधान की जानकारी ली। गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के दमन साहू ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने से प्रभावित 80 से 85 परिवारों की बिजली आपूर्ति शिकायत दर्ज कराने के लगभग एक सप्ताह में बहाल हो गई। जशपुर जिले के बगीचा निवासी वीरेंद्र यादव को शिकायत के करीब 10 दिनों में प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त के 55 हजार रुपये मिले। वहीं, मुंगेली जिले के करही निवासी तोरण साहू की शिकायत के बाद उनकी माताजी की नौ महीने से बंद पेंशन दोबारा शुरू हुई और लंबित राशि का भुगतान भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि नागरिकों को वास्तविक राहत पहुंचाना है। उन्होंने बार-बार आने वाली शिकायतों के मूल कारणों की पहचान कर व्यवस्थागत सुधार करने, लापरवाही पर जवाबदेही तय करने और बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा कॉल रिसीव करने से लेकर शिकायत के निराकरण और फीडबैक तक की प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान और शासन के प्रति उनका विश्वास बनाए रखना सुशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, विशेष सचिव रजत बंसल, विभिन्न विभागों के सचिव तथा सभी जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

