नवा रायपुर में हाईराइज भवनों में अग्नि सुरक्षा और पार्किंग अनिवार्य

रायपुर। नवा रायपुर में प्रस्तावित हाईराइज भवनों में अग्निशमन व्यवस्था, पर्याप्त पानी और पार्किंग सहित सभी आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं सुनिश्चित करनी होंगी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने निर्माण एजेंसियों को भवन निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के स्वीकृत, प्रगतिरत और अप्रारंभ निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), शिक्षा विभाग, नगर निगम और जिला पंचायत सहित संबंधित विभागों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने हाईराइज भवनों में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था पर जोर दिया। कलेक्टर ने अग्निशमन प्रणाली, पानी की उपलब्धता और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजामों को प्राथमिकता देने को कहा, ताकि भवनों के उपयोग के दौरान किसी तरह की समस्या न हो।
स्कूलों में स्मार्ट टॉयलेट निर्माण जल्द पूरा करें
कलेक्टर ने समग्र शिक्षा के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में स्मार्ट टॉयलेट, दीवार और फर्श निर्माण सहित वीबी-जी रामजी के तहत स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
लंबित निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने अब तक शुरू नहीं हुए कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने और प्रगतिरत निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

