कर्नाटक में सियासी हलचल तेज: सिद्धारमैया दे सकते हैं इस्तीफा, डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री

कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की अटकलों के बीच डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद दोनों नेताओं ने गले मिलकर बातचीत की। इस मुलाकात ने सत्ता परिवर्तन की चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन राज्यपाल पारिवारिक कारणों से बेंगलुरु से बाहर हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा राजभवन कार्यालय को सौंप सकते हैं। नियमों के अनुसार राज्यपाल की अनुपस्थिति में भी मुख्यमंत्री लिखित इस्तीफा दे सकते हैं।

डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए सीएम

कांग्रेस विधायक अशोक पत्तन के अनुसार डीके शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। इसके बाद वे सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। बताया जा रहा है कि कैबिनेट में भी बड़ा फेरबदल होगा और 15 से 20 नए मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है।

क्यों हो रहा नेतृत्व परिवर्तन?

कांग्रेस में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा 2023 से ही चल रही थी। उस समय सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच सीएम पद को लेकर सहमति बनी थी कि दोनों ढाई-ढाई साल तक पद संभालेंगे। अब सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद डीके शिवकुमार समर्थकों का दबाव बढ़ गया था।

इसके अलावा वाल्मीकि डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन घोटाले समेत कई मुद्दों पर सरकार घिरी हुई है। पार्टी हाईकमान का मानना है कि समय रहते नेतृत्व परिवर्तन से एंटी-इंकम्बेंसी कम की जा सकती है।

दिल्ली में हुई थी हाईलेवल बैठक

26 मई को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने सिद्धारमैया व डीके शिवकुमार के साथ करीब 6 घंटे तक बैठक की थी। इसके बाद से ही कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन लगभग तय माना जा रहा था।

कैबिनेट में भी बड़े बदलाव संभव

सूत्रों के अनुसार 35 मंत्रियों में से करीब 25 मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। साथ ही दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी चर्चा है, जिसमें एक दलित और दूसरा लिंगायत या ओबीसी चेहरे को मौका मिल सकता है।

You may have missed