रायपुर: भगवान महावीर के विचार मानवता को दिखाते हैं शांति और अहिंसा का मार्ग: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला; मुख्यमंत्री साय ने लिया जैन मुनियों का आशीर्वाद

रायपुर, 19 जून 2026। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘आचार्य पदारोहण एवं सहस्त्रावधान तपस्या महोत्सव’ में शामिल हुए। दोनों मुख्य अतिथियों ने जैन मुनियों का आशीर्वाद प्राप्त कर आचार्य पद पर प्रतिष्ठित हो रहे पूज्य विनयकुशल मुनि जी महाराज को नमन किया।

जैन दर्शन की शिक्षाएं आज और भी प्रासंगिक: ओम बिरला

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने अपने संबोधन में कहा कि आचार्य पद केवल एक पद नहीं, बल्कि तप, त्याग, ज्ञान और समाज को दिशा देने वाली साधना का सर्वोच्च प्रतीक है। उन्होंने कहा:

“भगवान महावीर और जैन दर्शन के सिद्धांत आज भी मानवता को शांति, आत्मसंयम, करुणा और अहिंसा का मार्ग दिखाते हैं। वर्तमान समय में जब विश्व तनाव और संघर्षों से जूझ रहा है, तब जैन दर्शन की शिक्षाएं और अधिक प्रासंगिक हो गई हैं।”

श्री बिरला ने आगे कहा कि भौतिक संसाधन केवल सुविधाएं प्रदान कर सकते हैं, लेकिन जीवन का वास्तविक सुख आत्मनियंत्रण, आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक साधना से ही प्राप्त होता है। उन्होंने शतावधानी हंसभद्र मुनि जी महाराज की विलक्षण स्मरणशक्ति और साधना की भी सराहना की।

अहिंसा और करुणा के संदेश की पूरे विश्व को आवश्यकता: सीएम विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर पहली बार आयोजित हो रहा यह आचार्य पदारोहण महोत्सव प्रदेश के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आए संत-साध्वियों और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि इस आयोजन से पूरे प्रदेश में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने 14 वर्षीय बाल मुनि शतावधानी हंसभद्रमुनि जी महाराज को नमन करते हुए कहा कि इतनी कम आयु में उनकी अद्भुत स्मरणशक्ति, एकाग्रता और ज्ञान-साधना सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। एक साथ हजार प्रश्नों को स्मरण रखना और उनका क्रमवार उत्तर देना असाधारण उपलब्धि है। सीएम साय ने कहा:

“जैन संतों ने सदैव अहिंसा, करुणा, सत्य और आत्मसंयम का संदेश दिया है, जिसकी आज पूरे विश्व को आवश्यकता है। भगवान महावीर स्वामी का ‘जियो और जीने दो’ का संदेश वर्तमान समय में और अधिक प्रासंगिक हो गया है।”

दिग्गज जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

इस भव्य आध्यात्मिक महोत्सव में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने भी अपने विचार व्यक्त किए और जैन संतों के अनुशासित व तपस्वी जीवन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद श्री विजय बघेल, श्रीमती कमलेश जांगड़े, श्री महेश कश्यप, विधायक श्री राजेश मूणत सहित सकल जैन श्रीसंघ के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।