बीरगांव निगम ने दिया “नो प्लास्टिक” का संदेश, कपड़े के थैले अपनाने की अपील

नगर पालिक निगम बीरगांव द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नागरिकों से प्लास्टिक कैरीबैग का उपयोग बंद कर कपड़े एवं जूट के थैलों को अपनाने की अपील की जा रही है।

इसी कड़ी में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 30 की श्रीजल महिला स्व-सहायता समूह द्वारा कपड़े के थैलों का निर्माण किया जा रहा है। इन थैलों पर नगर निगम एवं संबंधित वार्ड का नाम भी प्रदर्शित किया गया है, जिससे स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचे।

नगर निगम द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि स्वच्छता दीदियां घर-घर जाकर स्वच्छता संबंधी जागरूकता फैलाने के साथ-साथ नागरिकों को कपड़े के थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित करेंगी।

इस अवसर पर महापौर श्री नंद लाल देवांगन, निगम आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा एवं कार्यपालन अभियंता श्री धन्नूलाल देवांगन ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए 50 से अधिक कपड़े के थैले क्रय किए। प्रत्येक थैले का मूल्य मात्र 30 रुपये है। अधिकारियों ने नागरिकों से प्लास्टिक की जगह कपड़े एवं जूट के बैग का उपयोग करने की अपील करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में निगम सचिव श्रीमती श्वेता अंबिलकर, उप अभियंता श्रीमती प्रभा टोप्पो, मनीराम साहू, विकास जांगड़े, सुधा तिवारी एवं निधि राजपूत सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिला स्व-सहायता समूह के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए अपना सहयोग प्रदान किया।

नगर पालिक निगम बीरगांव ने नागरिकों से अपील की है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद कर कपड़े के थैलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा स्वच्छ एवं हरित बीरगांव के निर्माण में सहभागी बनें।