नवा रायपुर में खेला जाएगा भारत-जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज, स्मृति मंधाना संभालेंगी कमान

रायपुर: नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का गवाह बनने जा रहा है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच 3 मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज रायपुर में खेली जाएगी। इस सीरीज को लेकर छत्तीसगढ़ में क्रिकेट प्रेमियों के बीच भारी उत्साह है।
मैच का पूरा शेड्यूल और टाइमिंग भारत और जिम्बाब्वे के बीच सीरीज के तीनों मुकाबले शाम 7:00 बजे से खेले जाएंगे:
पहला टी-20: 16 अक्टूबर
दूसरा टी-20: 18 अक्टूबर
तीसरा टी-20: 20 अक्टूबर
स्मृति मंधाना करेंगी कप्तानी, हरमनप्रीत भी टीम में इस सीरीज में भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान के तौर पर टीम इंडिया की कमान संभालेंगी, वहीं शेफाली वर्मा को उप-कप्तान बनाया गया है। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी 15 सदस्यीय भारतीय टीम का हिस्सा होंगी। भारतीय महिला टीम 11 अक्टूबर और जिम्बाब्वे की टीम 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी।
10 अक्टूबर से ऑनलाइन टिकट और स्टेडियम में फ्री वाई-फाई दर्शकों की सुविधा के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। स्टेडियम परिसर में ई-टिकट स्कैनिंग के दौरान नेटवर्क समस्या न आए, इसके लिए फ्री ओपन वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। साथ ही तय संख्या में पार्किंग पास जारी किए जाएंगे और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे स्टेडियम में CCTV कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।
प्रशासनिक तैयारियां और हेल्थ सेफ्टी प्रोटोकॉल मैच के सफल आयोजन के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में ‘लोकल सपोर्ट कमेटी’ का गठन किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस, ग्रीन कॉरिडोर, फायर ब्रिगेड और प्रमुख अस्पतालों की मैपिंग समेत तमाम स्वास्थ्य सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

