रायपुर रोजगार मेले में 8,720 पदों पर भर्ती, 2000 से अधिक युवाओं का प्राथमिक चयन

रायपुर: राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले में युवाओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस विशाल मेगा जॉब फेयर के माध्यम से निजी क्षेत्र के कुल 8,720 खाली पदों पर सीधी भर्ती की जा रही है।
5 हजार से ज्यादा पंजीयन, 2000+ का प्राथमिक चयन रोजगार मेले के पहले दिन ही प्रदेश भर से पहुंचे 5,018 युवाओं ने अपना पंजीयन कराया, जिनमें से 2,000 से अधिक अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए प्राथमिक चयन (Primary Selection) कर लिया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय स्वयं ऑफर और जॉइनिंग लेटर प्रदान करेंगे।
85 दिग्गज कंपनियां और 36 प्लेसमेंट संस्थाएं शामिल इस मेले में छत्तीसगढ़ के अलावा गुजरात और अन्य राज्यों की कुल 85 निजी कंपनियां और 36 प्लेसमेंट संस्थाएं हिस्सा ले रही हैं। इनमें क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, एयरटेल पेमेंट्स बैंक और इंस्टाकार्ट जैसी नामचीन कंपनियां शामिल हैं।
किन-किन क्षेत्रों में मिल रहे हैं मौके? रोजगार मेले में 10वीं-12वीं पास से लेकर ITI, डिप्लोमा, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध हैं:
तकनीकी व मैन्युफैक्चरिंग (4,800 पद): इंजीनियर, ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, क्वालिटी इंस्पेक्टर।
लॉजिस्टिक्स व ट्रांसपोर्ट (1,600 पद): ड्राइवर, डिलीवरी बॉय।
सुरक्षा व स्वास्थ्य (1,230 पद): 650 सुरक्षा गार्ड और 580 नर्सिंग स्टाफ के पद।
अन्य पद: सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर और अप्रेंटिस।
अभ्यर्थी e-Rozgar Portal पर अपनी प्रोफाइल अपडेट कर उपलब्ध पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
व्यवस्थाओं पर युवाओं में नाराजगी, पानी और खाने की किल्लत एक तरफ जहां रोजगार के अवसर मिले, वहीं दूसरी तरफ मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों को भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। भिलाई और अभनपुर जैसे दूर-दराज के इलाकों से आए युवाओं ने बदइंतजमी पर गहरी नाराजगी जताई। स्टेडियम परिसर में पीने के पानी और भोजन की भारी किल्लत देखी गई। आलम यह था कि पानी के टैंकर तो खड़े थे, लेकिन युवाओं के पीने के लिए डिस्पोजल गिलास तक मौजूद नहीं थे।

