FIFA World Cup 2026: क्रिस्टियानो रोनाल्डो का एतिहासिक महा-रिकॉर्ड, 6 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बने

ह्यूस्टन (अमेरिका): पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर फुटबॉल इतिहास के पन्नों में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों से दर्ज करा लिया है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) के एक ग्रुप मैच में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में रोनाल्डो ने न सिर्फ शानदार खेल दिखाया, बल्कि दुनिया का एक ऐसा महा-रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया, जिसे आज तक कोई छू भी नहीं सका है।

6 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल दागने वाले इकलौते खिलाड़ी

41 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो दुनिया के पहले और इकलौते ऐसे फुटबॉलर बन गए हैं, जिन्होंने 6 अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप टूर्नामेंट (2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026) में गोल किए हैं। उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैच के छठे मिनट में ही जोआओ कैंसिलो के पास पर शानदार गोल दागकर उन्होंने यह एतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इसके बाद उन्होंने मैच में एक और गोल कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।

महान यूसेबियो का रिकॉर्ड भी तोड़ा

इस मुकाबले में दो गोल दागने के साथ ही वर्ल्ड कप में रोनाल्डो के कुल गोलों की संख्या 10 हो गई है। इसके साथ ही उन्होंने पुर्तगाल के महान पूर्व खिलाड़ी यूसेबियो (Eusebio) के 9 गोलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। अब रोनाल्डो फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पुर्तगाल के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं।

पुर्तगाल के लिए मैच में रोनाल्डो के दो गोलों के अलावा नूनो मेंडेस, राफेल लियो ने गोल किए, जबकि एक गोल उज्बेकिस्तान की तरफ से आत्मघाती (Own Goal) रहा। इस धमाकेदार जीत के साथ ही पुर्तगाल ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।