लोरमी जनदर्शन में 520 से अधिक लोगों ने रखीं समस्याएं, अरुण साव ने दिए निराकरण के निर्देश

श्रवण यंत्र और आय प्रमाण पत्र देकर जरूरतमंदों को किया लाभान्वित

लोरमी। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और शासन-प्रशासन के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से लोरमी रेस्ट हाउस में जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नागरिकों से मुलाकात कर उनकी मांगों, शिकायतों और समस्याओं को सुना। जनदर्शन में 520 से अधिक आवेदकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रस्तुत कीं।

उप मुख्यमंत्री ने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है। नागरिकों को अपनी जायज मांगों के निराकरण के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

जनदर्शन के दौरान ग्राम तुलसाघाट निवासी लाल दास खाण्डेकर को उनकी मांग पर तत्काल श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। वहीं, ग्राम लाखासार निवासी हितेश साहू को आय प्रमाण पत्र सौंपा गया। उप मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

अरुण साव ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निर्माण एवं विकास कार्यों को गति दी जा रही है। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप अधोसंरचना मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनदर्शन जैसे कार्यक्रमों से लोगों की समस्याओं को सीधे समझने और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का अवसर मिलता है।

धान खरीदी की तैयारियों पर चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुंगेली जिला पंचायत के सीईओ गोकुल रावटे, वनमंडलाधिकारी तन्यम कौशिक, लोरमी एसडीएम रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।