जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत की दिखी अनूठी झलक
बलरामपुर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर हाई स्कूल मैदान, बलरामपुर में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, खान-पान, कला और जीवनशैली का अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस समारोह में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा और जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए गए थे। अतिथियों ने इनका अवलोकन कर जनजातीय परंपराओं और स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। आदिम जाति विकास विभाग द्वारा तैयार देवगुड़ी में जनजातीय समुदायों के पारंपरिक देवस्थलों को दर्शाया गया। वहीं, जनजातीय आभूषण, वाद्य यंत्र, कला एवं संस्कृति से संबंधित स्टॉल में हंसली, रुपया माला, कौड़ी गजरा, नागमोरी और पैंरी जैसे पारंपरिक आभूषणों के साथ मांदर, ढोल, झांझ और नगाड़े प्रदर्शित किए गए।
बांस से निर्मित टोकनी, सूपा, झांपी और डलिया जैसी हस्तशिल्प कलाकृतियों ने भी लोगों को आकर्षित किया। पारंपरिक जनजातीय आवास की झांकी में मिट्टी की दीवारों पर उकेरे गए भित्ति चित्र, धान की बालियों और मक्के से की गई सजावट तथा आजीविका के पारंपरिक साधनों के माध्यम से जनजातीय रहन-सहन और ग्रामीण जीवन की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की गई।
खान-पान से जुड़े स्टॉल में जनजातीय व्यंजनों की विविधता देखने को मिली। यहां चीला रोटी, ठेकवा रोटी, पीठा रोटी, मक्का रोटी, महुआ लाटा, महुआ लड्डू, रागी आटा और विभिन्न प्रकार की चटनियों के साथ कोयनार, फुटकल, बांस करील एवं मछली की सुकटी सहित 50 से अधिक पारंपरिक व्यंजन और सुकटियां प्रदर्शित की गईं। बिहान योजना के स्टॉल में महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को स्थान दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के साथ आयुष्मान कार्ड योजना की जानकारी भी दी गई। जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए निर्धारित 19,744 कार्ड के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 19,179 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह कुल लक्ष्य का 97.14 प्रतिशत है।
मुख्य अतिथि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अन्याय और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर संघर्ष का मार्ग दिखाया। उनका जीवन आज भी अपने अधिकारों, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन का संरक्षण करते हुए प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की परंपरा कायम रखी है। समारोह में प्रदर्शित स्टॉल इसी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने का माध्यम हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पीएम जनमन तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय बहुल गांवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं और बेटियों को शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाने तथा स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान को याद करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक व्यंजन और देवगुड़ी जनजातीय समाज की विशिष्ट पहचान हैं। इन परंपराओं का संरक्षण करना सभी का सामूहिक दायित्व है।
जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज ने कहा कि जनजातीय परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। पंचायतों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे गांवों में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने स्वागत उद्बोधन में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की प्राकृतिक संपदा, वन वैभव और समृद्ध जनजातीय संस्कृति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिले के जनजातीय समुदाय कृषि, वनोपज संग्रहण, हस्तशिल्प, शिक्षा और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जनजातीय अंचलों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर हो, स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत बनें, युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर मिलें और कोई भी पात्र परिवार शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे बड़े सपने देखें और डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक तथा प्रशासनिक अधिकारी बनकर जिले और देश का नाम रोशन करें।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों एवं जनजातीय समाज के प्रमुखों को सम्मानित किया गया। करचा और धनजी के नर्तक दलों के साथ सेजेस बलरामपुर तथा वाग्देवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री एवं लाभ वितरित किए गए। साथ ही पांच पहाड़ी कोरवा हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, राम लखन पैकरा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमण्डलाधिकारी आलोक बाजपेयी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास समीक्षा जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के वरिष्ठजन, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
