शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण, आयुर्वेदिक अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्र की दी सौगात
बालोद। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव सोमवार को बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम भाठागांव (आर) पहुंचे। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही आयुर्वेदिक अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण कर ग्रामीणों को विकास की महत्वपूर्ण सौगात दी। इस दौरान वे देवारी मिलन समारोह में भी शामिल हुए और ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ की संस्कृति और अस्मिता की प्रतीक हैं छत्तीसगढ़ महतारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, अस्मिता और गौरवशाली विरासत की प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा का अनावरण मातृभूमि के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक पहचान को अभिव्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, तीज-त्योहार और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें संरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्वास्थ्य और पोषण सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्राम भाठागांव में आयुर्वेदिक अस्पताल शुरू होने से ग्रामीणों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र के लोकार्पण से माताओं और बच्चों को पोषण, देखभाल तथा प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि गांवों का सर्वांगीण विकास ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है।
देवारी मिलन समारोह में ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री देवारी मिलन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि देवारी पर्व सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे और सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं।
मंत्री ने ग्रामीणों को देवारी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखी, समृद्ध और खुशहाल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक कुंवर सिंह निषाद, गुण्डरदेही जनपद पंचायत सभापति कौशल किशोर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
