छत्तीसगढ़ में राजस्व निरीक्षकों का एक दिन का सामूहिक अवकाश, पटवारियों के बाद अब RI भी उतरे मैदान में
रायपुर: छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच अब राजस्व निरीक्षक (RI) भी एक दिन के सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। प्रदेशभर के राजस्व निरीक्षक जिला मुख्यालयों में एकत्रित होकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप रहे हैं।
क्यों नाराज हैं राजस्व निरीक्षक?
पटवारियों के हड़ताल पर होने के कारण राजस्व निरीक्षकों पर काम का भारी दबाव बढ़ गया है। RI संघ का कहना है कि उनके ऊपर कई अतिरिक्त जिम्मेदारियां थोप दी गई हैं, जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा है:
-
अतिरिक्त प्रभार: प्रदेश में लगभग 450 राजस्व निरीक्षक सर्किल खाली पड़े हैं, जिसके कारण एक ही RI को कई-कई हल्कों (3 से 100 तक) का अतिरिक्त प्रभार संभालना पड़ रहा है।
-
अतिरिक्त कार्यभार: डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS), फसल सर्वे, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्रेशन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्रों का सत्यापन और पटवारियों के हल्कों का काम अकेले संभालना मुश्किल हो गया है।
-
संसाधनों की कमी: बिना पर्याप्त तकनीकी संसाधनों, चैनमैन की व्यवस्था और कार्यकुशलता के बिना बड़े पैमाने पर काम का बोझ डाला जा रहा है।
प्रमुख मांगें:
-
संसाधन और मानदेय: फसल कटाई प्रयोग के लिए जरूरी सामग्री, संसाधन भत्ता और मानदेय का प्रावधान किया जाए।
-
चैनमैन की व्यवस्था: मैदानी कामकाज में सहायता के लिए चैनमैन उपलब्ध कराए जाएं और अतिरिक्त सर्किलों का प्रभार संभालने के लिए उचित मानदेय दिया जाए।
-
वेतन विसंगति और पदोन्नति: लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए, खाली पदों पर तुरंत भर्ती की जाए तथा विभागीय पदोन्नति में आरक्षण का दायरा बढ़ाया जाए।
आम जनजीवन पर असर:
राजस्व निरीक्षकों के एक दिन के सामूहिक अवकाश पर जाने से तहसील और जिला स्तर पर राजस्व विभाग से जुड़े कामकाज पूरी तरह ठप नजर आ रहे हैं, जिससे प्रमाण पत्र बनवाने और भूमि संबंधी कार्यों के लिए पहुंचे आम नागरिकों व किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
