किसानों की सुविधा और पारदर्शी खरीदी पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने दिए निर्देश
बलरामपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज बलरामपुर स्थित धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर खरीदी व्यवस्था और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परंपरागत रूप से तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर सम्मान किया। उन्होंने किसानों को धान खरीदी की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बैठकर तौल, टोकन एवं भुगतान सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
किसानों से संवाद के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि धान का प्रत्येक दाना किसानों के कठिन परिश्रम और उम्मीदों का प्रतीक है। अपनी उपज लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचने वाले किसान के साथ उसके पूरे परिवार की अपेक्षाएं जुड़ी होती हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि किसानों को खरीदी केंद्रों में किसी प्रकार की असुविधा न हो, उनकी उपज की सही तौल सुनिश्चित हो और मेहनत का उचित मूल्य समय पर मिले। उन्होंने कहा कि किसानों का सम्मान ही छत्तीसगढ़ का गौरव है और राज्य सरकार अन्नदाताओं की समृद्धि एवं खुशहाली के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने धान की तौल, नमी परीक्षण, बारदाना, स्टैकिंग, पेयजल और छायादार स्थान जैसी सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति कर्मचारियों को निर्देशित किया कि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए। किसानों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। केंद्रों में प्रत्येक बोरे में 40 किलोग्राम धान भरा जा रहा है। नए जूट बारदाने के लिए 545 से 626 ग्राम तक वजन मान्य है, जबकि धान में अधिकतम 17 प्रतिशत नमी की सीमा निर्धारित की गई है।
जिले में खरीदी के पहले ही दिन 37 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 6,584 क्विंटल धान की खरीदी की गई। यह आंकड़ा पिछले वर्ष के पहले दिन की तुलना में लगभग 20 गुना अधिक है। मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे ‘तुहर टोकन’ ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर साफ-सुथरा एवं सूखा धान ही उपार्जन केंद्रों में लेकर आएं।
इस अवसर पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
