जनजातीय संस्कृति और विरासत का गौरवशाली उत्सव बना बलरामपुर का समारोह
बलरामपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय समाज को एकजुट कर संघर्ष का नेतृत्व किया। उनका जीवन आज भी अधिकारों, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रेरणा देता है। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ प्रकृति के अनुरूप जीवन जीने की अनूठी परंपरा विकसित की है। जनजातीय गौरव दिवस पर बलरामपुर में लगाई गई प्रदर्शनी इसी समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करती है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर हाई स्कूल मैदान, बलरामपुर में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पीएम जनमन तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के जरिए जनजातीय बहुल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं और बेटियों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
समारोह में जनजातीय समाज की परंपराओं, आस्था, खान-पान, कला और रहन-सहन को दर्शाने वाली आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा और जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। आदिम जाति विकास विभाग के स्टॉल में जनजातीय समुदायों के पारंपरिक देवस्थलों की झलक प्रस्तुत करने के लिए देवगुड़ी का निर्माण किया गया था। वहीं, जनजातीय आभूषण, वाद्य यंत्र, कला एवं संस्कृति प्रदर्शनी में हंसली, रुपया माला, कौड़ी गजरा, नागमोरी और पैंरी जैसे पारंपरिक आभूषणों के साथ मांदर, ढोल, झांझ और नगाड़े प्रदर्शित किए गए।
बांस से तैयार टोकनी, सूपा, झांपी और डलिया जैसे पारंपरिक हस्तशिल्प ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। पारंपरिक जनजातीय आवास की झांकी में मिट्टी की दीवारों पर उकेरे गए भित्ति चित्रों तथा धान की बालियों और मक्के से की गई सजावट के माध्यम से जनजातीय जीवनशैली को जीवंत रूप में दर्शाया गया। ट्राइबल फूड स्टॉल में चीला रोटी, ठेकवा रोटी, पीठा रोटी, मक्का रोटी, महुआ लाटा, महुआ लड्डू, रागी आटा और विभिन्न प्रकार की चटनियों के साथ कोयनार, फुटकल, बांस करील एवं मछली की सुकटी सहित 50 से अधिक पारंपरिक व्यंजन प्रदर्शित किए गए।
बिहान योजना के स्टॉल में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ आयुष्मान कार्ड योजना की जानकारी दी गई। जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए निर्धारित 19,744 आयुष्मान कार्ड बनाने के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 19,179 कार्ड तैयार किए जा चुके हैं। इस प्रकार जिले ने 97.14 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और जनजातीय समाज के प्रमुखों को सम्मानित किया गया। करचा और धनजी के नर्तक दलों के साथ सेजेस बलरामपुर एवं वाग्देवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं लाभ वितरित किए गए। इसके अलावा पांच पहाड़ी कोरवा हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, राम लखन पैकरा, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमण्डलाधिकारी आलोक बाजपेयी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास समीक्षा जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के वरिष्ठजन, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
