गन्ने का मूल्य 425 रुपये क्विंटल होने पर किसानों ने विजय शर्मा का किया अभिनंदन

गन्ना भेंटकर जताई खुशी, शक्कर की बोरियों से तौलकर किया सम्मान

कवर्धा। राज्य सरकार द्वारा गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किए जाने से कबीरधाम जिले के गन्ना उत्पादक किसानों में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस निर्णय के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए कवर्धा में किसान संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान किसानों ने उन्हें गन्ना भेंट किया और शक्कर की बोरियों से तौलकर सम्मानित किया।

जिला पंचायत कार्यालय और विधायक कार्यालय के समीप आयोजित इस अभिनंदन कार्यक्रम में किसानों ने कहा कि गन्ने का मूल्य बढ़ने से जिले के हजारों गन्ना उत्पादक परिवारों को लाभ मिलेगा। इससे खेती की बढ़ती लागत की भरपाई करने में मदद मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। कबीरधाम जिले में गन्ने की खेती बड़े पैमाने पर होती है। ऐसे में बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिलेगा और गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों के स्नेह और सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि और खुशहाली राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खेती-किसानी से जुड़े परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्रतिबद्धता है। किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में किसान संगठनों के पदाधिकारियों और किसानों ने गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने को गन्ना उत्पादकों के लिए महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।