सेवा संकल्प अभियान: कोरबा में 350 मितानिन दीदियों का सम्मान

मंत्री लखन लाल देवांगन ने स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान की सराहना की

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के शासकीय निवास कोरबा में मितानिन दीदियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने और कठिन परिस्थितियों में भी समर्पण भाव से कार्य करने वाली 350 मितानिन दीदियों को पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि मितानिन दीदियां ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जरूरतमंदों की सहायता और विपरीत परिस्थितियों में उनकी सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 17 सितंबर को कोरबा में पांच लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की थी।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और श्री रामलला दर्शन योजना जैसी पहलें आम नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मितानिन दीदियां अपने समर्पण और सेवाभाव से मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और कठिन समय में लोगों की सहायता करना उनके संवेदनशील एवं निःस्वार्थ योगदान को दर्शाता है।

कार्यक्रम में कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत सहित अन्य अतिथियों ने सुनीता प्रजापति, सरिता कहरा, सरस्वती सारथी, उमा पटेल, भूरी बाई महंत, दिव्या राठौर, मीना श्रीवास, मोतिमणि सोनी, निर्मला बाई साहू, शारदा बाई साहू, कमला चौकसे, तुलेश्वरी यादव, गणेशी साहू और गौरी बाई विश्वकर्मा सहित कुल 350 मितानिन दीदियों को सम्मानित किया।