स्कूटी चलाकर शहर की सफाई व्यवस्था देखने निकले अरुण साव

अंबिकापुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज स्कूटी चलाकर अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर की स्वच्छता व्यवस्था, डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित आवासों का जायजा लिया। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के साथ सड़क निर्माण एवं मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
केरसु तालाब की सफाई तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश
शहर भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। केरसु तालाब में सफाई की आवश्यकता सामने आने पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई होनी चाहिए। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था की सतत निगरानी की जाए, ताकि शहर में स्वच्छ वातावरण बना रहे।
प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों से किया संवाद
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सुभाष नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के अंतर्गत निर्मित 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवासों में रह रहे हितग्राहियों से मुलाकात कर उपलब्ध सुविधाओं, उनकी समस्याओं और पक्का मकान मिलने के बाद जीवन में आए बदलावों के बारे में जानकारी ली। हितग्राहियों ने आवास मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार जताया।
अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवंटित आवासों में संबंधित हितग्राहियों का निवास सुनिश्चित किया जाए। आवासीय परिसर में साफ-सफाई और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था बेहतर रखी जाए। उन्होंने शेष निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि रहवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वच्छता दीदियों के योगदान की सराहना
उप मुख्यमंत्री ने डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर पहुंचकर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अंबिकापुर में संचालित कचरा प्रबंधन व्यवस्था की सराहना करते हुए बताया कि शहर की लगभग 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके उचित प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिली है।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
उप मुख्यमंत्री के शहर भ्रमण के दौरान अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव और नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।

