बिलासपुर में ₹38.23 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में खेल सुविधाओं, सड़कों, नालियों और व्यावसायिक परिसरों के विकास के लिए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत 38 करोड़ 23 लाख 82 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव की पहल पर राज्य शासन ने इन कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति के आदेश जारी कर दिए हैं।
योजना के अंतर्गत सिरगिट्टी बन्नाक चौक के पास 12 करोड़ 21 लाख 76 हजार रुपये की लागत से खेल परिसर और व्यावसायिक परिसर का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम के जोन क्रमांक-2 में नर्मदा कोल्ड ड्रिंक से गोकने नाला तक 3 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से नाला बनाया जाएगा। वहीं, जोन क्रमांक-7 के खमतराई क्षेत्र में 4 करोड़ 58 लाख 39 हजार रुपये की लागत से सड़क और नाली निर्माण के कार्य किए जाएंगे।
इसी तरह जोन क्रमांक-8 में इंदिरा विहार के पास 3 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण के साथ व्यावसायिक परिसर विकसित किया जाएगा। जोन क्रमांक-7 में बहतराई चौक के पास भक्त माता कर्मा चौक से मोपका बायपास तक 9 करोड़ 38 लाख 44 हजार रुपये की लागत से सड़क, नाली और विद्युतीकरण संबंधी कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा इसी जोन में 4 करोड़ 99 लाख 25 हजार रुपये की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी प्रस्तावित है।
इन विकास कार्यों से बिलासपुर में खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सड़कों और नालियों के निर्माण से यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा जल निकासी की समस्याओं को दूर करने में मदद मिलेगी। वहीं, नए व्यावसायिक परिसरों के निर्माण से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और नगर निगम के राजस्व में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

