तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदलेगा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि चौक का नाम पहले की तरह ही रहेगा। इसके नाम या मूल स्वरूप में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा रहा है। इसे केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है। इनमें तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य चौक का नाम बदलना नहीं, बल्कि उसे सेवा और संकल्प की भावना के अनुरूप विकसित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इस अवसर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री आज दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की महिलाओं के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दुर्ग जिले को इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों और समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।