रायपुर: विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अब कोई बाधा नहीं, विकास की गति होगी और तेज – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर: विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अब कोई बाधा नहीं, विकास की गति होगी और तेज – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
बीरगांव नगर निगम को ₹135 करोड़ से अधिक की सौगात, लगभग ₹110 करोड़ के नए विकास कार्यों का ऐलान
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश को समृद्ध, सशक्त और विकसित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। रायपुर जिले के नगर निगम बीरगांव में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की प्रतिबद्धता दोहराते हुए क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र को ₹135 करोड़ से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इसके साथ ही, स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगभग ₹110 करोड़ के नए विकास कार्यों की घोषणा की।
बीरगांव के विकास के लिए प्रमुख घोषणाएं
एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट): सीवेज प्रबंधन और स्वच्छता को मजबूत करने के लिए ₹82 करोड़ स्वीकृत।
पेयजल व्यवस्था: ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन विस्तार के लिए ₹10 करोड़।
सड़क एवं बुनियादी ढांचा: अधोसंरचना मद से सड़क व नाली निर्माण हेतु ₹5 करोड़।
युवा एवं शिक्षा: विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नालंदा परिसर (₹5 करोड़), शासकीय महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी (₹89 लाख) की सुविधा।
खेल सुविधा: सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए ₹5 करोड़।
अन्य विकास कार्य:
सर्व मांगलिक भवन निर्माण (₹1 करोड़)।
स्ट्रीट लाइट विस्तार – व्यास तालाब तिराहा से बीरगांव नाला (₹1 करोड़) तथा बुधवारी बाजार से नगर निगम कार्यालय (₹50 लाख)।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावांभाठा में विद्युतीकरण एवं मरम्मत (₹50 लाख)।
बीरगांव में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का जोन कार्यालय प्रारंभ करने की घोषणा।
स्टेट कैपिटल रीजन से मिलेगा बीरगांव को नया आयाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रायपुर, दुर्ग-भिलाई और आसपास के इलाकों को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) विकसित कर रही है, जिसमें बीरगांव भी शामिल है। इसके तहत बीरगांव के सुनियोजित, समन्वित और दीर्घकालीन विकास का रोडमैप तैयार होगा।
साथ ही, बीरगांव में भूमि संबंधी सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय का निर्माण किया जाएगा।
7 क्षेत्रों में सर्वे के बाद मिलेंगे आवासीय पट्टे
गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवासीय सुरक्षा देने के उद्देश्य से बीरगांव के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा में सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद पात्र परिवारों को नियमानुसार आवासीय पट्टे दिए जाएंगे।
सफाई मित्रों का सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों के पांव धुलवाकर व आरती उतारकर उनकी उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान किया। इसके अतिरिक्त, बीरगांव नगर निगम को दो नए अग्निशमन वाहन समर्पित किए गए।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपा।
कार्यक्रम में गणमान्य जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री अनुज शर्मा, विधायक श्रीमती भावना बोहरा, महापौर श्री नंदलाल देवांगन सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

