मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: तीज मिलन समारोह में बोले CM विष्णु देव साय

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के निवास पर आयोजित ‘तीज मिलन समारोह’ में शामिल हुए। पारंपरिक उल्लास और आत्मीय वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने माताओं-बहनों से भेंट कर उन्हें तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण है।
महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाओं को संबल
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। इस योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1,000 रुपये सीधे भेजे जा रहे हैं। अब तक 31 किस्तों के माध्यम से 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है, जिससे महिलाओं का आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता मजबूत हुई है।
13.85 लाख महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में महिला सशक्तिकरण के तहत महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी ये महिलाएं विविध आर्थिक गतिविधियों के जरिए अपने परिवार की आय बढ़ाकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं।
650 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी ‘फिल्म सिटी’
छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण और स्थानीय कलाकारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 650 करोड़ रुपये की लागत से फिल्म सिटी तैयार की जा रही है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
दिग्गज कलाकारों का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुति
समारोह में छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाले लोक कलाकारों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, छत्तीसगढ़ केश शिल्पी विकास बोर्ड के अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास, विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।

