रायपुर: आयुर्वेद भारत की प्राचीन धरोहर, आधुनिक चिकित्सा के साथ इसे भी दे रहे बढ़ावा – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर: आयुर्वेद भारत की प्राचीन धरोहर, आधुनिक चिकित्सा के साथ इसे भी दे रहे बढ़ावा – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
1000 से अधिक महिलाओं के रक्तदान की ऐतिहासिक पहल गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
रायपुर। रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। रक्तदाता द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाकर उसके परिवार के लिए नई उम्मीद बन सकता है। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ एवं वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने यह बात कही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी नागरिकों को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं दीं और सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान, देहदान एवं अंगदान का संकल्प लेने वाले नागरिकों के सेवा भाव की सराहना की।
1000+ महिलाओं ने रक्तदान कर बनाया विश्व रिकॉर्ड
रक्तदान महाकुंभ में सेवा और जनभागीदारी का ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। आयोजन के दौरान:
3600 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान के लिए पंजीयन कराया था।
200 बेड की विशेष व्यवस्था की गई थी।
एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं के रक्तदान की ऐतिहासिक पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को इस उपलब्धि का प्रमाणपत्र एवं मेडल प्रदान किया। कुल 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था।
प्रोजेक्ट दधीचि: 31 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प
मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट दधीचि के तहत देहदान और अंगदान का संकल्प लेने वाले नागरिकों की सराहना की।
कार्यक्रम में 31 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया, जिनमें पद्मश्री एवं धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा भी शामिल रहे।
प्रोजेक्ट दधीचि के अंतर्गत अब तक कुल 103 लोग देहदान का संकल्प ले चुके हैं।
आयुर्वेद और स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुर्वेद और रक्तदान महाकुंभ जैसे अभियानों से भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को वैश्विक पहचान मिली है।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है:
प्रदेश में 4 नए योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं।
रायपुर में NIT के सामने 100 बिस्तरीय नया आयुर्वेदिक अस्पताल तैयार हो रहा है।
बिलासपुर में भी आयुर्वेदिक अस्पताल के नए भवन का निर्माण प्रगति पर है।
खिलौने, पुस्तक और स्टेशनरी कलेक्शन की पहल
सेवा संकल्प अभियान के तहत केवल स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए बुक, टॉय और स्टेशनरी कलेक्शन केंद्र भी बनाए गए, जिसके माध्यम से बच्चों तक अध्ययन सामग्री और खिलौने पहुंचाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख जन उपस्थित रहे
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री सुनील सोनी, विधायक श्री अनुज शर्मा, विधायक श्री प्रबोध मिंज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।

