छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री और बीजेपी नेता राजेश अवस्थी का निधन !

छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सक्रिय नेता राजेश अवस्थी का अचानक निधन हो गया। रविवार रात गरियाबंद में नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान सीने में दर्द के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजेश अवस्थी की उम्र महज 41 वर्ष थी, और उनकी असमय मृत्यु ने पूरे राज्य को शोक में डुबो दिया है। राजेश अवस्थी छत्तीसगढ़ी फिल्म विकास निगम के पहले अध्यक्ष थे और उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को एक नया दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे डॉ. रमन सिंह सरकार के समय में निगम के अध्यक्ष बने थे और गरियाबंद के मूल निवासी थे।

रविवार की रात भाजपा के समर्थन में डोर टू डोर प्रचार करते समय अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। गरियाबंद के जिला अस्पताल में भर्ती कराए जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हुआ।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने राजेश के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के लिए यह अपूरणीय क्षति है, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इसे पार्टी के लिए एक बड़ा नुकसान बताया।

रायपुर बीजेपी विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि राजेश उनके छोटे भाई जैसे थे और उनकी असमय मृत्यु से राज्य को एक बड़ा धक्का लगा है।

आज (सोमवार) दोपहर 1 बजे राजेश अवस्थी का अंतिम संस्कार रायपुर के महादेव घाट में होगा। उनके निधन के कारण बीजेपी ने अपने कई कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है, जिनमें थीम सॉन्ग लॉन्च और घोषणा पत्र कार्यक्रम शामिल थे।

राजेश अवस्थी का अचानक निधन सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है, और उनकी यादें हमेशा दिलों में रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed