बिलासपुर में आज होगा स्वनिधि महोत्सव, पथ विक्रेताओं को मिलेगा सम्मान
बिलासपुर। पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और पीएम स्वनिधि योजना की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 17 नवंबर को बिलासपुर में स्वनिधि महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) द्वारा लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत आयोजित इस महोत्सव में पथ विक्रेताओं से सीधा संवाद, ई-पंजीयन की शुरुआत और वित्तीय साक्षरता से जुड़ी गतिविधियां प्रमुख आकर्षण होंगी। इसके माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को डिजिटल भुगतान अपनाने, स्वरोजगार को विस्तार देने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
महोत्सव परिसर में स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा विभिन्न खाद्य पदार्थों के फूड स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना की उपलब्धियों और गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव स्वनिधि चौपाल में पथ विक्रेताओं से चर्चा करेंगे। इस दौरान हितग्राहियों को चेक और निःशुल्क यूपीआई पेमेंट बॉक्स वितरित किए जाएंगे। योजना के लाभार्थियों के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा।
बैंकों, नगरीय निकायों और हितग्राहियों को मिलेगा सम्मान
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंकों एवं उनकी शाखाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही संभाग के नौ चयनित हितग्राहियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के माध्यम से पथ विक्रेताओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के साथ डिजिटल भुगतान के फायदे बताए जाएंगे। इसी क्रम में स्ट्रीट वेंडर्स के ई-पंजीयन की प्रक्रिया का शुभारंभ भी किया जाएगा।
वित्तीय जागरूकता के साथ डिजिटल भुगतान पर जोर
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी पथ विक्रेताओं को वित्तीय समावेशन, बैंकिंग सुविधाओं और वित्तीय साक्षरता के संबंध में जानकारी देंगे। वहीं, डिजिटल पेमेंट एग्रीगेटर्स द्वारा ऑनलाइन लेन-देन और डिजिटल भुगतान को अपनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी होंगी।
जनप्रतिनिधियों की रहेगी विशेष उपस्थिति
स्वनिधि महोत्सव में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया और अटल श्रीवास्तव शामिल होंगे। इनके साथ बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह तथा नगर निगम बिलासपुर के सभापति विनोद सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
