सेवा सेतु अभियान: बीरगांव में PM आवास योजना 2.0 को मिली गति, 409 हितग्राहियों को दी गई भवन अनुज्ञा

रायपुर (बीरगांव): शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने और नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत बीरगांव नगर पालिक निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के क्रियान्वयन को गति देते हुए 409 पात्र हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा (Building Permission) प्रदान की गई। बीरगांव स्थित आडवाणी आर्लिकोन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित वृहद शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। भवन अनुज्ञा मिलने से अब हितग्राहियों को अपने आवास निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में आसानी होगी।
शासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद
‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ शासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की एक पारदर्शी पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाना, नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निवारण करना और विभागीय सेवाओं को हर व्यक्ति के लिए सुलभ बनाना है।
शिविर में जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
आयोजित शिविर में रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ नेता प्रतिपक्ष श्री ओमप्रकाश साहू, पूर्व महापौर श्रीमती अम्बिका यदु, स्थानीय पार्षदगण, नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा, एसडीएम श्री नभ सिंह कोशले और तहसीलदार श्री राजकुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

