रायपुर रेल मंडल का एंबुश टिकट चेकिंग अभियान: हथबंद स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा के 105 मामले पकड़े गए, ₹1.12 लाख जुर्माना वसूला
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल द्वारा रेल परिसर में अनाधिकृत यात्रा पर रोक लगाने और यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष ‘एंबुश टिकट चेकिंग अभियान’ चलाया गया। यह अभियान 29 सितंबर को रायपुर मंडल के हथबंद रेलवे स्टेशन पर आयोजित किया गया था।
स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों तथा वहां से गुजरने वाली 8 ट्रेनों में की गई इस सघन जांच के दौरान कुल 191 अनियमित मामले सामने आए, जिनसे रेलवे को ₹1,12,800 (एक लाख बारह हजार आठ सौ रुपए) का राजस्व प्राप्त हुआ।
कार्रवाई का विवरण
जांच टीम द्वारा की गई कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है:
-
बिना टिकट यात्रा: 105 मामलों में ₹72,930 जुर्माना वसूला गया।
-
अनियमित टिकट: 44 मामलों में ₹32,070 का राजस्व मिला।
-
अधिक लगेज (Unbooked Luggage): 40 मामलों में ₹4,800 जुर्माना वसूला गया।
-
गंदगी फैलाने पर कार्रवाई: 1 मामले में ₹1,000 का जुर्माना।
-
धूम्रपान (Smoking): 1 मामले में ₹2,000 का जुर्माना वसूला गया।
15 सदस्यीय टीम और RPF ने संभाला मोर्चा
यह विशेष चेकिंग अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के दिशा-निर्देशन में चलाया गया। जांच दल में सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अविनाश कुमार आनंद, मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (टिकट चेकिंग) सहित 15 टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ (RPF) के 2 जवान शामिल रहे।
रेल प्रशासन की अपील
रायपुर मंडल के वाणिज्य विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित रेल टिकट लेकर ही यात्रा करें और स्टेशन परिसर में प्रवेश से पहले प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें। इसके अलावा, ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और किसी भी प्रकार का धूम्रपान न करने की सलाह दी गई है।
