वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
रायगढ़ के छात्र-छात्राओं से की मुलाकात, बड़े सपने देखने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की दी सीख
रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले से शैक्षणिक भ्रमण पर राजधानी पहुंचे छात्र-छात्राओं का अपने रायपुर स्थित निवास पर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के साथ शिक्षा, करियर निर्माण, उच्च शिक्षा के अवसरों और जीवन में सफलता के विभिन्न पहलुओं पर संवाद किया। उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने, अपने लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
शैक्षणिक भ्रमण के तहत रायगढ़ से आए विद्यार्थियों ने रायपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थानों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, अध्ययन व्यवस्था और उच्च शिक्षा के विकल्पों के बारे में जानकारी हासिल की। भ्रमण के बाद सभी विद्यार्थियों ने वित्त मंत्री से उनके निवास पर मुलाकात की और वहां की व्यवस्थाओं को भी करीब से देखा। बातचीत के दौरान ओपी चौधरी ने बच्चों की पढ़ाई, पसंदीदा विषयों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जाना।
विद्यार्थियों से संवाद कर याद किए छात्र जीवन के दिन
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के बच्चों से मुलाकात ने उन्हें अपने बचपन और विद्यार्थी जीवन की याद दिला दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण बेहद जरूरी है। कठिन परिस्थितियां भी उस व्यक्ति की राह नहीं रोक सकतीं, जिसके इरादे मजबूत हों और लक्ष्य स्पष्ट हो।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देने का महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान हासिल किया गया ज्ञान, अनुशासन, संस्कार और अनुभव आगे चलकर जीवन की मजबूत नींव बनते हैं। बच्चों को हमेशा जिज्ञासु बने रहने, नई चीजें सीखने और मिलने वाले अवसरों का भरपूर लाभ उठाने की सलाह भी दी।
बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता
वित्त मंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को केवल ज्ञान ही नहीं देती, बल्कि उसे आत्मनिर्भर बनाने और बेहतर भविष्य के निर्माण का रास्ता भी दिखाती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सभी जिलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को किताबों से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर देते हैं। विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सुविधाओं को समझने से बच्चों को उच्च शिक्षा एवं करियर के नए विकल्पों की जानकारी मिलती है। इससे उनके आत्मविश्वास और भविष्य को लेकर दृष्टिकोण का भी विस्तार होता है।
अंत में ओपी चौधरी ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के बच्चे ही आने वाले समय में विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की आधारशिला बनेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि रायगढ़ के ये विद्यार्थी अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से सफलता की नई मिसाल कायम करेंगे तथा अपने परिवार, जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
