भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति का भव्य प्रदर्शन
राज्य दिवस समारोह में लोकनृत्यों ने मोहा मन, राज्यपाल ने निवेशकों को दिया आमंत्रण; मुख्यमंत्री ने कहा- बदल रही है प्रदेश की पहचान
नई दिल्ली। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और जनजातीय परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली। भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और विकास की संभावनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।
राज्यपाल ने निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए किया आमंत्रित
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिहाज से अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए अनुकूल अवसर उपलब्ध हैं। राज्य की नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 निवेश को बढ़ावा देने, रोजगार के नए अवसर तैयार करने और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने तथा प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आग्रह किया।
राज्यपाल ने कृषि आधारित उद्योगों के साथ लघु वनोपज के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों की आमदनी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। प्रदेश के किसान, युवा, महिलाएं और कुशल शिल्पकार छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को स्टार्टअप और नवाचार से जोड़ने के साथ महिला स्व-सहायता समूहों एवं स्थानीय शिल्पकारों के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, हथकरघा और पर्यटन स्थलों में रोजगार एवं आर्थिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। आर्थिक प्रगति के साथ सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी और समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से समृद्ध, औद्योगिक रूप से सशक्त और सांस्कृतिक रूप से गौरवशाली बनाया जा सकता है।
बदलती पहचान के साथ आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान में तेजी से बदलाव आ रहा है। जिस बस्तर और प्रदेश की चर्चा पहले नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के कारण देश-दुनिया में अलग पहचान बना रहा है। भारत मंडपम में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ की झलक इस बदलाव की सशक्त तस्वीर है, जहां परंपरा और आधुनिकता के साथ विरासत और विकास का सुंदर समन्वय दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। यहां प्रदेश की लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और विकास की संभावनाओं को एक साथ प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा जैसे लोकनृत्य प्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिन्हें लोक कलाकारों ने पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखा है। ऐसे आयोजन छत्तीसगढ़ की कला और परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या का प्रमुख आकर्षण प्रदेश के लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां रहीं। पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सजे कलाकारों ने मांदर, ढोल और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। कलाकारों की सामूहिक नृत्य मुद्राओं और ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवी माहौल से भर दिया।
बस्तर के गौर नृत्य में जनजातीय जीवन और परंपराओं की झलक दिखाई दी, जबकि गौरा-गौरी नृत्य के माध्यम से प्रदेश की लोक आस्था को प्रदर्शित किया गया। भोजली नृत्य ने कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति छत्तीसगढ़वासियों के जुड़ाव को दर्शाया। वहीं, पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुत राउत नाचा ने दर्शकों को प्रदेश की विशिष्ट लोक परंपरा से परिचित कराया।
सुआ नृत्य में महिलाओं के सामूहिक सांस्कृतिक जीवन और लोक परंपराओं की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली। पंथी नृत्य के जरिए सतनामी समाज की आध्यात्मिक विरासत प्रस्तुत की गई, जबकि करमा नृत्य ने प्रकृति, सामूहिकता और उत्सवधर्मिता का संदेश दिया। विभिन्न अंचलों की इन प्रस्तुतियों ने एक ही मंच पर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को सजीव कर दिया।
कलाकारों की आकर्षक वेशभूषा, पारंपरिक आभूषणों, लोक वाद्ययंत्रों और नृत्य शैलियों ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को प्रदेश के ग्रामीण जीवन, जनजातीय परंपराओं, लोक आस्था और उत्सवों से रूबरू होने का अवसर मिला।
मंत्रिमंडल के सहयोगियों सहित कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय तथा वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नई दिल्ली की इन्वेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सैन, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार, आवासीय आयुक्त श्रुति सिंह और खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उप संचालक पंकज कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों और उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रदर्शित हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियों, स्थानीय उत्पादों और प्रदेश की विशिष्टताओं के बारे में जानकारी ली।
पवेलियन में मुख्यमंत्री ने बस्तर की प्रसिद्ध बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषणों, हथकरघा उत्पादों और वनोपज आधारित सामग्रियों को देखा। उन्होंने कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों की जानकारी भी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने स्थानीय शिल्पकारों और उद्यमियों के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।
पवेलियन में प्रदर्शित चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव ने भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। इस आधुनिक तकनीक के जरिए आगंतुक बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करना पर्यटन विकास की दिशा में अभिनव प्रयास है। इससे देश-विदेश के पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा और पर्यटन की संभावनाओं से परिचित कराने में मदद मिलेगी।
