फसल नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को मिलेगी सहायता : मुख्यमंत्री

अकवान चक्रवात से प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवजा, कलेक्टरों को सर्वेक्षण के निर्देश

रायपुर। अकवान चक्रवात के चलते फसलों को हुए नुकसान के मद्देनजर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभावित किसानों को राहत का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है। किसी भी प्रभावित किसान को परेशान होने की जरूरत नहीं है। फसल क्षति का आकलन कराने के बाद सभी पात्र किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए सभी जिला कलेक्टरों को सर्वेक्षण कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्रतानुसार सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है, उन्हें संबंधित फसल बीमा योजना के नियमों के अनुसार बीमा दावा राशि दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।