रायपुर में प्राइवेट बिल्डर्स पर GST की बड़ी कार्रवाई: चौबे कॉलोनी और आमानाका में छापेमारी, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज जब्त

रायपुर (UPI24 News)। राजधानी रायपुर में टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासनिक टीमों की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जीएसटी (GST) विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख निजी बिल्डरों के ठिकानों पर अचानक छापेमारी कर जांच शुरू कर दी है।
चौबे कॉलोनी और आमानाका स्थित ठिकानों पर दबिश
जीएसटी विभाग की टीमों ने चौबे कॉलोनी और आमानाका क्षेत्र स्थित निजी बिल्डरों के कार्यालयों और ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और टैक्स से संबंधित फाइलों की सघन जांच की।
बोगस बिलिंग और टैक्स चोरी की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बोगस बिलिंग (फर्जी इनवॉइस) के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत फायदा उठाने और बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की आशंका के आधार पर की जा रही है।
जांच प्रक्रिया के तहत जीएसटी विभाग ने मौके से कंप्यूटर, हार्ड डिस्क, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज को जब्त किया है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त डिवाइसेज और दस्तावेजों की फॉरेंसिक व तकनीकी जांच के बाद टैक्स चोरी के बड़े आंकड़े का खुलासा हो सकता है।

