रायपुर मेकाहारा अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भीषण आग: AC फटने से मचा हड़कंप, मरीजों को ICU में किया गया शिफ्ट
रायपुर (UPI24 News)।
राजधानी रायपुर स्थित प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) के मेडिसिन विभाग के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
एसी फटने से आग लगने की आशंका, फैला धुआं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में लगे एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट या उसके फटने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग और गहरा काला धुआं पूरे इमरजेंसी वार्ड व आसपास के कॉरिडोर में फैल गया।
मरीजों को सुरक्षित स्थान और ICU में किया गया शिफ्ट
हादसे के वक्त इमरजेंसी वार्ड में कई गंभीर मरीज भर्ती थे। धुआं फैलते ही अस्पताल के डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया। एहतियात के तौर पर वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को तुरंत सुरक्षित स्थान और गंभीर मरीजों को आईसीयू (ICU) में शिफ्ट किया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुँच गए हैं। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा आग लगने के सटीक और वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
