रायपुर : पुलिस का जज़्बा ही सुरक्षित, शांत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय
पत्रिका जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026 में मुख्यमंत्री साय ने उत्कृष्ट पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित, नक्सलवाद पर जवानों के साहस को बताया ऐतिहासिक
रायपुर (UPI24 News)। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सुशासन की सबसे मजबूत आधारशिला है। पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर, हर मौसम और हर चुनौती के बीच दिन-रात जनता की सुरक्षा में समर्पित रहते हैं। उनके इसी त्याग और साहस के कारण आम नागरिक निश्चिंत होकर जीवन जी पाते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय मंगलवार को राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित एक निजी सभागार में आयोजित ‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया।
ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि का विशेष उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में 199 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी ने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने के साथ यह सिद्ध किया है कि पुलिस के जवान सेवा के साथ-साथ खेल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक विजय ऐतिहासिक
श्री साय ने कहा कि वर्षों तक हिंसा और भय के कारण बस्तर की वास्तविक क्षमता दबकर रह गई थी, लेकिन आज बस्तर विकास और परिवर्तन के नए युग में प्रवेश कर चुका है। यह परिवर्तन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह की रणनीति और राज्य पुलिस व सुरक्षा बलों के साहस का परिणाम है।
उन्होंने घायल जवानों से मिलने के अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि अस्पतालों में गंभीर चोटों के बावजूद जवानों के चेहरे पर निराशा नहीं, बल्कि स्वस्थ होकर फिर से मोर्चे पर लौटने का संकल्प दिखाई देता था। यही अदम्य जज़्बा आज छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत बना है।
मीडिया समाज और पुलिस के बीच सशक्त माध्यम: डीजीपी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री अरुण देव गौतम ने कहा कि किसी मीडिया संस्थान द्वारा पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान करना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति से सबसे अधिक राहत उन परिवारों को मिली है, जिनके परिजन वर्षों तक बस्तर जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा दे रहे थे।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान
जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026 के तहत पुलिसिंग में नवाचार, सामुदायिक पुलिसिंग, संवाद से समाधान, सोशल मीडिया जागरूकता, नवीन आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, ई-मालखाना प्रबंधन, पिंक पेट्रोल यूनिट, महिला सुरक्षा, वूमेन हेल्पलाइन, और साइबर अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री आर. कृष्णा दास, रायपुर पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव श्री रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी व पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
