रक्षाबंधन पर रायपुर नगरवासियों को महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

रायपुर। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व 28 अगस्त 2026 को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकान्त राठौड़, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर सहित एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों, वार्ड पार्षदों और एल्डरमैनों ने राजधानीवासियों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।

जनप्रतिनिधियों ने रक्षाबंधन के अवसर पर रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के नागरिकों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के बीच प्रेम और आपसी विश्वास को मजबूत करने के साथ परिवार में सकारात्मकता और आत्मीयता का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति की उन परंपराओं में शामिल है, जो रिश्तों की मजबूती और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी की भावना को दर्शाती हैं। बहन द्वारा भाई की कलाई पर राखी बांधना और भाई द्वारा उसकी सुरक्षा एवं सम्मान का संकल्प लेना इस पर्व की विशेष पहचान है। बदलते समय के साथ रक्षाबंधन का संदेश केवल भाई-बहन तक सीमित नहीं रहकर पारिवारिक प्रेम, सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है।

स्वच्छ और सुंदर रायपुर के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील

रक्षाबंधन की शुभकामनाओं के साथ महापौर मीनल चौबे सहित निगम के जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों से स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में नगर निगम का सहयोग करें।

जनप्रतिनिधियों ने विशेष रूप से नागरिकों से राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग 2025-26 में रायपुर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए अधिक से अधिक स्वच्छता फीडबैक देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता और सकारात्मक फीडबैक रायपुर की स्वच्छता यात्रा को नई मजबूती प्रदान करेगा।

रक्षाबंधन पर स्वच्छता का भी लें संकल्प

महापौर सहित निगम के सभी जनप्रतिनिधियों ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने के साथ अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लिया जाना चाहिए। यदि प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बना ले, तो रायपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश का अग्रणी शहर बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने सभी रायपुरवासियों से पर्व को प्रेम, सौहार्द और उत्साह के साथ मनाने तथा “मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी” की भावना के साथ स्वच्छ एवं विकसित रायपुर के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।