केटीयू में विद्यार्थियों ने जाना मीडिया शिक्षा और जनसंचार का व्यावहारिक पक्ष
रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर में शासकीय महर्षि वाल्मीकि कॉलेज, भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। बस्तर क्षेत्र से पहुंचे विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की विभिन्न मीडिया सुविधाओं और प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी हासिल की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. मनोज दयाल से मुलाकात कर मीडिया के बदलते स्वरूप, पत्रकारिता की जिम्मेदारियों और जनसंचार के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर चर्चा की।
निष्पक्ष पत्रकारिता से समाज को मिलती है नई दिशा
कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने वाला प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से तथ्यपरक, सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को समझने तथा अपनी रचनात्मक क्षमताओं को लगातार विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में मीडिया के स्वरूप में तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को प्रिंट मीडिया के साथ टेलीविजन, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली को समझना चाहिए। नियमित अध्ययन और व्यावहारिक अनुभव से मीडिया क्षेत्र में बेहतर अवसर हासिल किए जा सकते हैं।
टीवी स्टूडियो से रेडियो स्टेशन तक लिया अनुभव
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के टीवी स्टूडियो, कम्युनिटी रेडियो, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों ने निर्माणाधीन एआई एवं मीडिया रिसर्च लैब के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
महर्षि वाल्मीकि कॉलेज के शिक्षक श्रीदाम ढाली के मार्गदर्शन में पहुंचे विद्यार्थियों ने केटीयू के कम्युनिटी रेडियो ‘संवाद 98.2 एफएम’ में अपने संदेश रिकॉर्ड किए। इस दौरान विद्यार्थियों को रेडियो कार्यक्रम निर्माण और प्रसारण की प्रक्रिया को नजदीक से समझने का अवसर मिला।
विद्यार्थियों ने जनसंचार, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन एवं जनसंपर्क से जुड़े प्राध्यापकों और शोधार्थियों से भी बातचीत की। उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न सृजनात्मक क्लबों और शोध पीठों की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।
मीडिया की बारीकियों को समझने का मिला अवसर
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. मनोज दयाल, कुलसचिव सुनील शर्मा और सहायक कुलसचिव देव सिंह पाटिल सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों से संवाद किया। अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता की पढ़ाई, मीडिया तकनीक, शोध और रोजगार की संभावनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की अत्याधुनिक सुविधाओं के प्रत्यक्ष अवलोकन को अपने लिए उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को मीडिया संस्थानों और प्रयोगशालाओं की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ने का यह अनुभव उनके लिए बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।
