छत्तीसगढ़ के निर्यात को दोगुना करने की तैयारी, एफटीए के लिए बनेगा एक्सेलेरेटर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान दिलाने और निर्यात की संभावनाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) तथा भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में ‘मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के प्रभावी उपयोग’ पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने विचार-विमर्श किया।

रायपुर के वीआईपी रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम तथा वाणिज्यिक कर मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यशाला का उद्देश्य प्रदेश के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को भारत के विभिन्न मुक्त व्यापार समझौतों से मिलने वाले लाभों की जानकारी देना तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात के नए अवसरों से जोड़ना था।

पिछले वर्ष 18 हजार करोड़ रुपये का रहा प्रदेश का निर्यात

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और निर्यात विस्तार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। प्रदेश के वनोपज आधारित उत्पादों की देश-विदेश में अच्छी मांग है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ से लगभग 18 हजार करोड़ रुपये का निर्यात किया गया, जिसमें चावल, इस्पात, फेरो-एलॉय और एल्युमीनियम जैसे उत्पादों की प्रमुख हिस्सेदारी रही।

उन्होंने कहा कि भारत ने संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, ओमान, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड सहित कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। इन समझौतों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के उद्यमियों और निर्यातकों के लिए वैश्विक बाजारों तक पहुंच के नए रास्ते खुले हैं।

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 अधिसूचित की है। इसके माध्यम से प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्यातकों को मुक्त व्यापार समझौतों का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए उन्होंने चार महत्वपूर्ण पहल की घोषणा भी की।

एफटीए को बढ़ावा देने के लिए चार प्रमुख घोषणाएं

मंत्री द्वारा घोषित प्रमुख पहलों में प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से छत्तीसगढ़ एफटीए एक्सेलेरेटर की स्थापना शामिल है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ एफटीए मार्गदर्शिका का अंग्रेजी संस्करण दिसंबर 2026 और हिंदी संस्करण जनवरी 2027 में जारी किया जाएगा।

फरवरी 2027 तक प्रदेश के सभी संभागों में एफटीए संबंधी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, निर्यातकों को मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़ी जानकारी, मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराने के लिए उद्योग संचालनालय में 15 जनवरी 2027 से एफटीए हेल्पडेस्क शुरू किया जाएगा।

वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने पर विशेषज्ञों ने रखे विचार

कार्यक्रम के प्रारंभ में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने प्रदेश में औद्योगिक निवेश और निर्यात की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने और निर्यात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने की आवश्यकता बताई।

वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार बंसल तथा भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव मनीष छाबड़ा ने भी कार्यशाला को संबोधित किया। तकनीकी सत्र में मनीष छाबड़ा ने मुक्त व्यापार समझौतों की अवधारणा, उनकी कार्यप्रणाली, उपयोगिता और भारतीय निर्यातकों के लिए उपलब्ध अवसरों की विस्तार से जानकारी दी। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न देशों के साथ हुए समझौतों और उनसे मिलने वाले व्यापारिक लाभों से अवगत कराया गया।

उद्योग विभाग के संचालक प्रभात मलिक ने छत्तीसगढ़ के वर्तमान निर्यात क्षेत्रों और भविष्य में निर्यात विस्तार की संभावनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया।

जिलों के उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल

कार्यशाला के एक अन्य सत्र में निर्यात संवर्धन मिशन और जिलों को निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने की रणनीति पर चर्चा हुई। विदेश व्यापार महानिदेशालय के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त महानिदेशक डॉ. प्रवीण कुमार ने इस विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तर पर उपलब्ध विशिष्ट उत्पादों और स्थानीय संसाधनों को निर्यात गतिविधियों से जोड़ना महत्वपूर्ण है।

कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे उद्योग संचालकों, उद्यमियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। साथ ही उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश के निर्यातकों को मुक्त व्यापार समझौतों की व्यावहारिक जानकारी देने और छत्तीसगढ़ के उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया गया।