करमा महोत्सव में लोक संस्कृति की छटा, 12 दलों ने दी प्रस्तुति

लखनपुर। जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत बुधवार को लखनपुर के साक्षरता मिनी स्टेडियम में आयोजित ब्लॉक स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव ‘करमा महोत्सव’ में आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की अनुपम झलक देखने को मिली। पारंपरिक लोकगीतों, मांदर की थाप और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन स्थल को उत्सव के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल भी कलाकारों के साथ करमा नृत्य में शामिल हुए और उनका उत्साह बढ़ाया।

जनजातीय परंपराओं का संरक्षण हमारी जिम्मेदारी : राजेश अग्रवाल

समारोह को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की लोककला, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक परंपराएं छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। यह विरासत हमारी अमूल्य धरोहर है, जिसे संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि करमा महोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजन स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ पारंपरिक लोककलाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल सभी कलाकारों की सराहना की तथा विजेता दलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

12 नृत्य दलों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं का हुआ चयन

महोत्सव में विकासखंड के तुरना, कोरजा, लोसगा और केवरा सेक्टरों से पहुंचे कुल 12 नृत्य दलों ने पारंपरिक लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। करमा नृत्य प्रतियोगिता में जय शिव शारदा करमा पार्टी, परसोदी कला ने प्रथम और आदिवासी करमा दल, पीपरखार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं, शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव के तहत आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में शैला पार्टी, तराजू ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लखनपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम में प्रस्तुत लोकनृत्यों ने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक समृद्धि, सामूहिक एकजुटता और परंपराओं के प्रति गहरे जुड़ाव को प्रदर्शित किया। मांदर की थाप और पारंपरिक गीतों के बीच संपन्न हुआ यह महोत्सव जनजातीय लोककला को प्रोत्साहन देने तथा सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन रहा।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, एसडीएम रामराज सिंह, जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री, एसडीओ आरईएस, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, आकांक्षी विकासखंड फेलो सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।