मातर तिहार पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया गौपूजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व मातर तिहार के अवसर पर स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने विधि-विधान से गौमाता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। समाजजनों की मौजूदगी में मंत्री ने पारंपरिक दोहे गाकर गौमाता को सोहाई बांधी और लोकरीति के अनुसार पूजा संपन्न की।
लोकसंस्कृति और गौसेवा का प्रतीक है मातर तिहार
इस अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मातर तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण पर्व है। यह त्योहार हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने के साथ सामाजिक एकता और गौवंश के प्रति सेवा एवं सम्मान का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि यादव समाज में सदियों से गौपालन और गौसेवा की विशेष परंपरा रही है। गौमाता ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि व्यवस्था और जनजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके संरक्षण और सेवा से जुड़ी परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाती हैं।
मंत्री ने कहा कि मातर तिहार केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूर्वजों से मिली परंपराओं, सामाजिक पहचान और गौवंश के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर भी है। इस पर्व पर पारंपरिक दोहे गाने, गौमाता को सोहाई बांधने और सामूहिक रूप से पूजा करने की परंपरा छत्तीसगढ़ की जीवंत लोकसंस्कृति को प्रदर्शित करती है।
नई पीढ़ी तक पहुंचाएं सांस्कृतिक विरासत
गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराए, ताकि हमारी समृद्ध विरासत आने वाले समय में भी इसी तरह संरक्षित और जीवंत बनी रहे।
